बुढ़वा मंगल पर जिले भर में गूंजे बजरंगबली के जयकारे, बाबा नीब करोरी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

0
16

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बुढ़वा मंगल के अवसर पर मंगलवार को जिलेभर में धार्मिक आस्था का माहौल दिखाई दिया। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड, हवन-पूजन, आरती और भंडारों का आयोजन किया गया। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने लगे। प्रमुख हनुमान मंदिरों में बजरंगबली का विशेष श्रृंगार कर उन्हें भोग लगाया गया। पूरे दिन मंदिरों में जयकारों और भक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही।मोहम्मदाबाद क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा नीब करोरी धाम में बुढ़वा मंगल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दर्शन और प्रसाद पाने के लिए श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े रहे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से आस्था का सैलाब नजर आया। भीड़ का सिलसिला सुबह से शुरू होकर देर शाम तक चलता रहा। गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई।श्रद्धालु परिवार के साथ बाबा नीब करोरी के दर्शन करने पहुंचे। कई श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए घंटों कतार में खड़े रहे। मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। प्रसाद में बेसन के लड्डू का विशेष महत्व रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लड्डू का प्रसाद चढ़ाया।भारी भीड़ के बीच पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद कुछ श्रद्धालुओं की जेब कटने की घटनाएं भी सामने आईं। भीड़ और गर्मी के कारण कुछ लोगों की तबियत भी बिगड़ी, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों की मदद से संभाला गया। इसके बाद भी श्रद्धालुओं की संख्या में कमी नहीं आई और देर शाम तक दर्शन के लिए लोगों का पहुंचना जारी रहा।प्रमुख मंदिरों में हुआ विशेष श्रृंगारफतेहगढ़ के भोलेपुर स्थित हनुमान मंदिर में भी बुढ़वा मंगल पर विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। मंदिर को सजाया गया और बजरंगबली का भव्य श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।विजाधरपुर स्थित श्री सिद्ध शिव शक्ति महाकाल मंदिर में भी बुढ़वा मंगल पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। मंदिर में हनुमान जी का विशेष श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया और आरती में शामिल होकर बजरंगबली के जयकारे लगाए।शहर के अढ़तियान मोहल्ला स्थित बड़े बूढ़े हनुमान जी के मंदिर में भी विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने हनुमान जी को बेसन के लड्डुओं सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद चढ़ाए।जगह-जगह सुंदरकांड और भंडारेबुढ़वा मंगल को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न स्थानों पर सुंदरकांड पाठ, हवन-पूजन और आरती का आयोजन किया गया। धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कई स्थानों पर भंडारे आयोजित कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर सुबह से शाम तक भक्तिमय माहौल बना रहा। कहीं सुंदरकांड का पाठ हुआ तो कहीं हनुमान चालीसा और आरती के आयोजन हुए। भंडारों में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।बुढ़वा मंगल के चलते जिले के विभिन्न मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। आस्था के आगे गर्मी भी बेअसर दिखाई दी और लोग लंबी कतारों में लगकर बजरंगबली के दर्शन करते नजर आए। देर शाम तक धार्मिक स्थलों पर भक्तों की मौजूदगी बनी रही।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]