बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों का माल किया पार, पुलिस जांच में जुटी

0
33

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला चीनीग्राम निवासी सुजाता भारद्वाज ने अपने बंद पड़े मकान में हुई चोरी की घटना को लेकर पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बीवीगंज स्थित उनका मकान काफी समय से बंद था। बुधवार सुबह आसपास के लोगों ने उन्हें सूचना दी कि मकान का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है और घर के भीतर का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं। घर का निरीक्षण करने पर पता चला कि अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर भीतर घुस गए और वॉशिंग मशीन, इनवर्टर, बैटरी, एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा समेत रसोई का अन्य सामान चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, चोरों ने एक अलमारी का ताला भी तोड़ दिया और उसमें रखा सामान समेट ले गए, जबकि घर में रखे बक्सों का सामान भी बिखरा मिला। घटना के बाद सुजाता भारद्वाज ने थाना मऊ दरवाजा पहुंचकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कर शीघ्र खुलासे की मांग की। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि संबंधित मकान लंबे समय से बंद था। चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]