फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) ई बाइक भी चकनाचूरफर्रुखाबाद। थाना कादरी गेट क्षेत्र के खानपुर स्थित सनशाइन स्कूल के पास बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कोल्ड ड्रिंक एजेंसी के एक कर्मचारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।जानकारी के अनुसार, कृष्ण (19 वर्ष) पुत्र लालू निवासी रजीपुर, थाना कमालगंज, वर्तमान में चांदपुर स्थित अपने मौसा सुरजीत के घर रह रहा था। वह एक कोल्ड ड्रिंक एजेंसी में कर्मचारी था। बुधवार को वह अपनी नई बाइक का पंचर बनवाने की बात कहकर घर से निकला था। पंचर बनवाने के बाद लौटते समय खानपुर स्थित सनशाइन स्कूल के पास पांचाल घाट की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बदायूं डिपो की रोडवेज बस ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बस में फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में कृष्ण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी नई बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के मौसा सुरजीत, मां सोनी देवी, छोटा भाई गौरव सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया और माहौल गमगीन हो गया।सूचना पर थाना कादरी गेट पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय भिजवाया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक और रोडवेज बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे लंबे समय से मौरम, गिट्टी और अन्य भवन निर्माण सामग्री डंप रहने के कारण इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद सड़क किनारे से निर्माण सामग्री नहीं हटाई गई। अब देखना होगा कि इस दर्दनाक हादसे के बाद जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस कार्रवाई करता है या नहीं।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रोडवेज बस की टक्कर से कोल्ड ड्रिंक एजेंसी कर्मचारी की मौत
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



