फायरिंग व मारपीट में वांछित आरोपी गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद

0
69

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस ने फायरिंग और मारपीट के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ा दी गई है। पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज यमुना प्रसाद के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देव मिश्रा पुत्र स्व. डब्बू मिश्रा, निवासी बाग कुंचा, थाना कोतवाली फर्रुखाबाद को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि 21 जून 2026 को उत्कर्ष मिश्रा उर्फ भूरा निवासी पल्ला जटवारा ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पुरानी रंजिश के कारण साथियों के साथ मिलकर उत्कर्ष मिश्रा और उसके साथियों को रास्ते में रोककर मारपीट की थी। विवाद बढ़ने पर उसने और एक अन्य व्यक्ति ने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली चलने से पहले ही पीड़ित नीचे गिर गया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी कर दी है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]