एटा में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस में कैंटर की टक्कर, पांच की मौत; फर्रुखाबाद के तीन यात्रियों ने गंवाई जान

0
83

फर्रुखाबाद:(एटा संवाददाता) जनपद एटा में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में पांच यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में फर्रुखाबाद जनपद के तीन लोग शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और परिजन एटा के लिए रवाना हो गए। फर्रुखाबाद के थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर निवासी 40 वर्षीय राजेश कश्यप अपनी पत्नी पूनम, पुत्र हर्ष, पुत्री प्रज्ञा तथा भाई अवधेश के साथ रोडवेज बस से दिल्ली जा रहे थे। वहीं थाना नवाबगंज के ग्राम उमरपुर निवासी 36 वर्षीय शैलेश तथा थाना मेरापुर क्षेत्र के ग्राम बबुरी निवासी सुखराम भी उसी बस में सवार थे। सभी अपने-अपने काम के सिलसिले में दिल्ली जा रहे थे। बताया गया कि जब रोडवेज बस एटा जनपद के थाना बागवाला क्षेत्र के ग्राम किलरमऊ के पास पहुंची तो उसमें तकनीकी खराबी आ गई। चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और उसकी मरम्मत शुरू कर दी। गर्मी और उमस के कारण कई यात्री बस से उतरकर उसके पीछे खड़े हो गए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक कैंटर ने रोडवेज बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और कैंटर लगभग 200 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में बस के पीछे खड़े कई यात्री उसकी चपेट में आ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में फर्रुखाबाद के राजेश कश्यप, शैलेश और सुखराम सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय पुलिस और राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार राजेश कश्यप दिल्ली के गोविंद नगर क्षेत्र में सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। सुखराम गाजियाबाद में सब्जी की रेहड़ी लगाता था, जबकि शैलेश दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। हादसे के दौरान राजेश के भाई अवधेश ने समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचा ली। उन्होंने ही फोन पर घटना की सूचना परिवार को दी। हादसे की खबर मिलते ही राजेश की पत्नी पूनम, मां तथा अन्य परिजन, वहीं शैलेश की मां कमला सहित परिवार के सदस्य बदहवास हो गए। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजन एटा के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं कैंटर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। इस हृदयविदारक हादसे से फर्रुखाबाद के दौलतपुर, उमरपुर और बबुरी गांवों में मातम का माहौल है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]