फर्रुखाबाद में 1642 से घटकर 1605 रह जाएंगे मतदेय स्थल

0
21

फर्रुखाबाद:(दीपक-शुक्ला) शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में हुई बैठक में वर्तमान मतदेय स्थलों की स्थिति, मतदाताओं की संख्या और भवनों के भौतिक सत्यापन की समीक्षा की गई। जिले में वर्तमान 1642 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 1605 मतदेय स्थल रखने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। इस तरह प्रस्ताव के अनुसार 37 मतदेय स्थल कम हो जाएंगे। अंतिम संख्या आपत्तियों के निस्तारण और सक्षम स्तर से अनुमोदन के बाद तय होगी।बैठक में भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य और सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार ने मतदेय स्थलों के सम्भाजन की कार्यवाही और विधानसभा क्षेत्रवार प्रस्तावों की जानकारी दी।प्रस्ताव के अनुसार कायमगंज विधानसभा क्षेत्र में 470 मतदेय स्थल यथावत रखने की योजना है। अमृतपुर में 379 के स्थान पर 372, फर्रुखाबाद में 413 के स्थान पर 390 और भोजपुर में 380 के स्थान पर 373 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। फर्रुखाबाद और भोजपुर में 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर एक-एक अतिरिक्त मतदेय स्थल बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदेय स्थल के भवन की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और मतदाताओं की संख्या का सही तरीके से सत्यापन किया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि मतदाताओं को मतदान के लिए अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े और परिवार के सदस्यों के मतदेय स्थल अलग-अलग न हों। जर्जर भवनों में संचालित मतदेय स्थलों को उसी मतदान क्षेत्र में उपलब्ध उपयुक्त स्थायी भवनों में स्थानांतरित करने की कार्यवाही की जाए।उन्होंने कहा कि सुरक्षित भवनों में संचालित मतदेय स्थलों में अनावश्यक बदलाव न किया जाए। विशेष परिस्थितियों में 300 से कम मतदाताओं वाले मतदेय स्थल बनाए रखने की जरूरत होने पर उसका उचित कारण दर्ज किया जाए। किसी राजनीतिक दल अथवा श्रमिक संगठन के कार्यालय से 200 मीटर के भीतर मतदेय स्थल स्थापित नहीं किया जाए।डीएम ने राजनीतिक दलों से प्राप्त आपत्तियों और सुझावों की जांच कर नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों का निर्धारण पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि चुनाव के समय अंतिम क्षणों में बदलाव की जरूरत न पड़े। विधानसभा क्षेत्रवार मतदेय स्थलों को क्रमांक देने और आलेख्य तथा अंतिम सूची को जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, अमृतपुर श्वेता साहू, कायमगंज अभिषेक वर्मा, न्यायिक सदर दीपक माथुर और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव बिसारिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]