प्राण प्रतिष्ठा के लिए पीएम मोदी का 11 दिनों का कठोर उपवास

0
154

डेस्क:अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का अनुष्ठान पूर्ण होने तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी 11 यजमानों को आहार-विहार, शयन आदि के संबंध में यम-नियम के कठोर 45 व्रतों का पालन करना होगा। अनुष्ठान के प्रमुख आचार्य काशी के विद्वान पं. गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ ने यजमानों के लिए यम-नियम की आचार संहिता जारी की है। इसके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी यजमानों को 11 दिनों तक एक समय सेंधा नमक युक्त सात्विक आहार ग्रहण करना होगा।

[adrotate banner="3"]

पीएम मोदी दिन में फलाहार कर सकते हैं। अनुष्ठान पूर्ण होने तक चारपाई पर सोना या बैठना वर्जित है। लकड़ी के तख्त का प्रयोग कर सकते हैं। आसन के रूप में कंबल होगा। बिस्तर पर सोना या बैठना, नियमित दाढ़ी बनाना व नाखून निकालना वर्जित होगा। यथासंभव मौन रहने अथवा मितभाषी होने का अभ्यास करना होगा।पीएम मोदी ने यम-नियम का संकल्प लेकर उसका पालन आरंभ कर दिया है। आचार्य शास्त्री ने इस संबंध में एक पत्र पूर्व में ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद गिरि को भेजकर यजमानों को अवगत करा देने का आग्रह किया था। हालांकि उन्होंने इस व्रत का पालन करने के लिए शास्त्रों के अनुसार न्यूनतम एक सप्ताह की अवधि तय करते हुए 15 जनवरी से पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया था।

आचार्य के अनुसार यजमानों को इस अवधि में यथासंभव सिले हुए वस्त्र से दूर रहना होगा। रेशमी, ऊनी वस्त्र, कंबल, शाल, स्वेटर आदि धारण कर सकते हैं। सद्विचार, सत्चिंतन से युक्त रहना होगा। अनुष्ठान अवधि में हल्दी, तेल, राई, सरसों, लहसुन, प्याज, मांस, मदिरा, अंडा, तेल से बने भोज्य पदार्थ, गुड़, भुजिया चावल, चना आदि नहीं खाना है। दवा के लिए मनाही नहीं है, तांबुल भी ले सकते हैं। खाने-पीने के सभी पदार्थों को भगवान को भोग लगाकर प्रसाद के रूप में ग्रहण करें।

रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के क्षणों की अनुभूति से स्वयं को और जनता को जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहा, ‘प्राण प्रतिष्ठा की मंगल-घड़ी… चराचर सृष्टि का वह चैतन्य पल… आध्यात्मिक अनुभूति का वह अवसर… गर्भगृह में उस पल क्या कुछ नहीं होगा..! शरीर के रूप में तो मैं उस पवित्र पल का साक्षी बनूंगा ही, लेकिन मेरे मन में, मेरे हृदय के हर स्पंदन में 140 करोड़ भारतीय मेरे साथ होंगे।

[adrotate banner="2"]