फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर कोतवाली क्षेत्र के बजरिया स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के तीन दिन बाद महिला की हालत बिगड़ने पर उसे रेफर किया गया, लेकिन दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के कुरावली निवासी संध्या (24) पत्नी संदीप गिहार को 10 जून की शाम बजरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसी दिन संध्या ने एक बच्ची को जन्म दिया था। परिजनों का कहना है कि प्रसव के बाद महिला अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में थी और उसका उपचार चल रहा था। शुक्रवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल प्रशासन ने गंभीर हालत बताते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के कुछ ही देर बाद रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद आक्रोशित परिजन शव को वापस अस्पताल लेकर पहुंचे और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह तथा मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद अस्पताल में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रसूता की मौत पर निजी अस्पताल में हंगामा, जांच शुरू
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



