फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फतेहगढ़ क्षेत्र के एक गैस एजेंसी संचालक ने युवतियों के माध्यम से झांसे में बुलाकर अपहरण, मारपीट, लूटपाट और फिरौती मांगने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कसरट्टा चूड़ी वाली गली निवासी एवं बलराम गैस एजेंसी संचालक अभय गोस्वामी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा है। आरोप है कि एक परिचित के माध्यम से उसका मोबाइल नंबर कुछ लोगों तक पहुंच गया, जिसके बाद विभिन्न नंबरों से लगातार कॉल आने लगीं। 8 जून को एक युवती ने उसे बातचीत के बहाने पहले बेवर और फिर भोगांव बुलाया। वहां दो युवतियां मिलीं, जो उसकी कार में बैठ गईं। कुछ दूरी आगे बढ़ने पर कई चारपहिया वाहन पहुंचे और उनमें सवार युवकों ने कार को घेर लिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपितों ने कार के शीशे तोड़ दिए, तमंचे के बल पर उसे और उसके साथी विपिन को बंधक बना लिया तथा आंखों पर कपड़ा बांधकर अज्ञात स्थान पर ले गए। वहां मक्के के खेत में दोनों के साथ बेल्ट, लोहे के औजारों और तमंचे की बट से मारपीट की गई। आरोप है कि उन्हें निर्वस्त्र कर युवतियों के साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाकर दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। बदमाशों ने 20 लाख रुपये की मांग करते हुए बाद में 10 लाख रुपये में सौदा तय करने की बात कही। अभय गोस्वामी ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उसके खाते से रुपये निकाल लिए तथा सोने की अंगूठियां, चेन और घड़ी भी छीन ली। इस दौरान एक कोरे स्टांप पर हस्ताक्षर कराने का भी दबाव बनाया गया। देर रात मौका पाकर उसका साथी विपिन वहां से भाग निकला और पुलिस व परिजनों को सूचना दी। इसके बाद बदमाश अभय को लेकर थाना कुर्रा क्षेत्र पहुंचे और फिर उसे धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद वह परिजनों के साथ थाना कुर्रा पहुंचा, जहां पुलिस ने बयान दर्ज किए, लेकिन क्षेत्राधिकार का मामला बताते हुए फतेहगढ़ थाने जाने की सलाह दी। आरोप है कि फतेहगढ़ थाने में भी तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। बाद में पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप पर रिपोर्ट दर्ज हुई। पुलिस का कहना है कि मामले में दर्ज तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। घटनाक्रम की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गैस एजेंसी संचालक व साथी का अपहरण कर मारपीट व 10 लाख फिरौती मांगने में एफआईआर
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



