प्रसपा सुप्रीमो बोले गठबंधन में सपा को प्राथमिकता, आगामी सरकार में पार्टी की होगी भागीदारी

0
128

महोबा: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह ने कहा कि आने वाले 2022 के विधानसभा चुनाव में हमारे दरवाजे हर उस पार्टी के लिए खुले हैं जो समाजवादी और गांधीवादी विचारधारा रखते हैं। कहा, उनकी तरफ से समाजवादी पार्टी को प्राथमिकता दी जाएगी। वह यहां डाकबंगला मैदान में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के पहले मंडलीय सम्मेलन में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
2022 के चुनाव में बनने वाली सरकार में होगी प्रसपा
सम्मेलन के बाद प्रदेश महासचिव छत्रपाल सिंह के आवास पर पत्रकार वार्ता में शिवपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद पार्टी सत्ता में भागीदारी करेगी। गठबंधन के सवाल पर कहा कि हर समाजवादी और गांधीवादी विचारों की पार्टी का स्वागत है। समाजवादी पार्टी से दूरी के कारण पर कहा कि ऐसे क्यों है इसकी जानकारी नहीं है।
कहा, महोबा से मंडलीय सम्मेलनों की शुरुआत हो गई है, अब 18 मंडलों में सम्मेलन होंगे। 18 दिसंबर को लखनऊ में नागरिकता संशोधन बिल और एनआरसी के खिलाफ संविधान बचाओ देश बचाओ प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदेश में कानून व्यवस्था को बदहाल करार देते हुए पुष्पेंद्र यादव की घटना को हत्या करार दिया। चुनाव चिन्ह को साइकिल की चाबी के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के खजाने की चाबी है।
अधिनियम का पुरजोर विरोध करती है प्रसपा
प्रसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह ने कहा कि मौजूदा समय नागरिक संशोधन बिल और एनआरसी की जरूरत नहीं थी। इससे कई प्रदेश सुलग रहे हैं, उत्तर प्रदेश में भी इसकी चिंगारी पहुंचने लगी है। हमारी पार्टी इस अधिनियम का पुरजोर विरोध करती है। इससे देश को बांटने का काम किया जा रहा है।
कहा, इस समय देश को विकास की जरूरत है। देश से भुखमरी, गरीबी, भ्रष्टाचार, महिला अपराध समाप्त होने चाहिए। अन्न दाता परेशान है, बुंदेलखंड में पानी और बेरोजगारी समस्या है। कहा, नोटबंदी से देश की अर्थ व्यवस्था बदहाल हो गई है और जीएसटी ने व्यापारियों, कारोबारियों को परेशान कर रखा है। सम्मेलन को राष्ट्रीय महासचिव रामनरेश मिनी और प्रदेश अध्यक्ष सुंदरलाल लोधी ने भी संबोधित किया।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]