प्रधान पति पर फायरिंग मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी रिवॉल्वर समेत हथियार बरामद

0
25

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने ग्राम मुड़गांव में प्रधान पति सत्येंद्र सिंह पर जानलेवा हमले और फायरिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी 32 बोर रिवॉल्वर, कारतूस, खोखे, तीन डंडे और लोहे का पाइप बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को ग्राम निसाई की विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया तथा फायरिंग की गई। गोली लगने से प्रधान पति सत्येंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके पुत्र अभय, राहुल और अन्य लोग भी घायल हुए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने रामनारायण, मनीष, अजीत, रामनरेश और शिवनरेश, सभी निवासी ग्राम मुड़गांव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी रामनारायण ने बताया कि विवाद जमीन पर कब्जे और वर्चस्व को लेकर था तथा उसी दौरान उसने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग की थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीश कुमार नें घटना में गिरफ्तारी की जानकारी दी |

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]