पेट्रोल कम डालने के आरोप पर पेट्रोल पंप पर हंगामा, जांच में जुटे अधिकारी

0
34

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कादरी गेट थाना क्षेत्र में रोडवेज बस स्टॉप के पास बद्री विशाल डिग्री कॉलेज के निकट स्थित पेट्रोल पंप पर मंगलवार को पेट्रोल कम डालने के आरोप को लेकर विवाद हो गया। खामोर निवासी सुधीर यादव अपने चाचा जगपाल और पड़ोसी गांव के मित्र अच्छे लाल के साथ पल्सर मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे। उन्होंने करीब 200 रुपये का पेट्रोल डलवाया। इसके बाद पेट्रोल की मात्रा कम होने का संदेह जताते हुए पंप कर्मचारियों से शिकायत की।सुधीर यादव का आरोप है कि पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने 200 रुपये की पर्ची तो दी, लेकिन उन्हें पेट्रोल की मात्रा कम होने का शक हुआ। विवाद बढ़ने पर उन्होंने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद बाइक मिस्त्री को बुलाया गया और पेट्रोल पंप कर्मचारी व मैनेजर की मौजूदगी में मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकलवाया गया।सुधीर यादव का कहना है कि बाइक में पहले से मौजूद पेट्रोल समेत कुल करीब एक लीटर पेट्रोल निकला। उनका दावा है कि पहले से मौजूद पेट्रोल की मात्रा अलग करने पर 200 रुपये के पेट्रोल की मात्रा करीब आधा लीटर ही रह जाती है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ।मामले की सूचना पर रोडवेज चौकी प्रभारी दयानंद पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सुधीर यादव और उनके साथियों ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप कर्मचारियों से बातचीत के दौरान मामला बिगड़ गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में पंप बंद कर सभी को थाने ले जाने की धमकी दी गई।वहीं, सूचना मिलने पर सप्लाई इंस्पेक्टर नेहा गुप्ता भी मौके पर पहुंचीं और पेट्रोल पंप की जांच-पड़ताल की। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पेट्रोल की मात्रा को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।उधर, पेट्रोल पंप मालिक ने विवाद को पुरानी रंजिश से जोड़ते हुए कहा कि पेट्रोल डलवाने वाले और पंप कर्मचारी पड़ोसी गांव के रहने वाले हैं। संभव है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से कोई विवाद रहा हो।फिलहाल पुलिस और आपूर्ति विभाग के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पेट्रोल की मात्रा कम दी गई थी या विवाद के पीछे कोई अन्य कारण था।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]