पीडीए की एकजुटता से प्रदेश में बनेगी समाजवादी सरकार: रामआसरे विश्वकर्मा

0
251

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने जनपद में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज को संगठित करने के अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में कायमगंज और जहानगंज में आयोजित पीडीए जन-पंचायतों में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में पीडीए की एकजुटता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। अपने संबोधन में रामआसरे विश्वकर्मा ने प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान शासन में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकारों में सभी वर्गों को सम्मान और भागीदारी मिली, जबकि वर्तमान सरकार आरक्षण और सामाजिक न्याय की भावना को कमजोर करने का कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का पीडीए समाज एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगा। सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश का हर वर्ग महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है तथा जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। पूर्व मंत्री एवं पूर्व जिलाध्यक्ष रामसेवक सिंह यादव ने कहा कि रामआसरे विश्वकर्मा लंबे समय से समाजवादी विचारधारा के समर्पित नेता रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर सामाजिक न्याय और सभी वर्गों के अधिकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। जन-पंचायतों में पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, प्रदेश सचिव सर्वेश अंबेडकर, डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी, डॉ. जेपी वर्मा, मारिया आलम, सिराजुल अफाक मुन्ना, राधेश्याम सविता, नरेंद्र सिंह यादव, अरविंद यादव सहित अनेक नेताओं ने भी अपने विचार रखे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]