फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान लगभग चार लाख गोवंश एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए पशुपालन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद के सातों विकासखंडों में संचालित 25 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से पशु चिकित्साधिकारियों एवं पशुधन प्रसार अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमें गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित करना है। इसके लिए क्षेत्रवार कार्ययोजना तैयार की गई है और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक गांव में पहुंचकर पात्र पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे विभागीय टीमों का सहयोग करें और अपने सभी पात्र पशुओं का समय पर निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि कोई भी पशु इस अभियान से वंचित न रहे। अभियान की सूचना संबंधित क्षेत्रों में पूर्व से उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान की नियमित निगरानी की जाएगी, जिससे निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके। इससे पशुधन को संक्रामक रोगों से सुरक्षा मिलने के साथ-साथ पशुपालकों की आर्थिक सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
22 जुलाई से शुरू होगा खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान, चार लाख पशुओं को लगेगा निःशुल्क टीका
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



