पंचायत चुनाव में पिछड़ा वर्ग आरक्षण को लेकर आयोग का जिले में मंथन

0
22

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायमूर्ति राम औतार सिंह की अध्यक्षता में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय ग्रामीण निकायों में पिछड़ा वर्ग के आरक्षण एवं प्रतिनिधित्व से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी ली गई।आयोग के सदस्य ब्रजेश कुमार (सेवानिवृत्त डीजी), संतोष कुमार विश्वकर्मा (सेवानिवृत्त एडीजे), डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया (सेवानिवृत्त आईएएस) तथा एसपी सिंह (सेवानिवृत्त आईएएस) के अलावा जिला पंचायत की प्रशासक मोनिका यादव मौजूद रहीं।बैठक के दौरान आयोग के अध्यक्ष ने स्थानीय ग्रामीण निकायों में पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व, आरक्षण संबंधी प्रावधानों और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने आयोग के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले अभिलेखों एवं सूचनाओं को तथ्यात्मक, स्पष्ट और अद्यतन रखने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने आयोग के समक्ष जनपद से संबंधित आवश्यक अभिलेख एवं सूचनाएं प्रस्तुत कीं। अध्यक्ष ने कहा कि आयोग का उद्देश्य स्थानीय ग्रामीण निकायों में पिछड़ा वर्ग के हितों और प्रतिनिधित्व से जुड़े विषयों का समुचित अध्ययन कर शासन को आवश्यक सुझाव एवं संस्तुतियां उपलब्ध कराना है।बैठक में बताया गया कि आयोग ग्रामीण स्थानीय निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व और सामाजिक स्थिति का अध्ययन कर आरक्षण व्यवस्था के संबंध में आवश्यक अनुशंसाएं तैयार करने की दिशा में कार्य कर रहा है। उपलब्ध आंकड़ों और सामाजिक परिस्थितियों के अध्ययन के आधार पर ग्रामीण निकायों में पिछड़ा वर्ग के आरक्षण की रूपरेखा को लेकर सुझाव तैयार किए जा रहे हैं।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी और जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]