निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से घायल वृद्ध की मौत

0
206

फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता)थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर में शनिवार रात आई तेज आंधी एक परिवार पर भारी पड़ गई। निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए 60 वर्षीय अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। ग्राम रायपुर निवासी संतराम राजपूत शनिवार रात करीब 9 बजे अपने घर के आंगन में रखी तहमद उठाने के लिए निकले थे। उसी दौरान तेज आंधी के कारण निर्माणाधीन मकान की ऊंची दीवार भरभराकर गिर गई और वह उसकी चपेट में आ गए। दीवार के मलबे में दबने से संतराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उनकी पत्नी विमला देवी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे संतराम को बाहर निकाला। इसके बाद उनके पुत्र अनमोल और अन्य परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पहले डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया। वहां भी स्थिति में सुधार न होने पर देर रात सैफई मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। परिजनों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया गया है कि संतराम के पुत्र दिनेश का प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान बन रहा था। उसी निर्माणाधीन मकान की करीब चार इंच मोटी और काफी ऊंची दीवार आंधी के चलते गिर गई थी। संतराम अपने पीछे पत्नी विमला देवी, माता जय देवी, पिता नन्हेलाल सहित पांच बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। उनके चार बच्चों की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटा पुत्र अनमोल अभी अविवाहित है। संतराम की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर लेखपाल सनोज़ कुमार ने मौके पर पहुंचकर दैवीय आपदा के तहत जांच-पड़ताल की। वहीं परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करा रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]