फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) इटावा-बरेली हाईवे पर मरहला गांव के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।थाना अमृतपुर क्षेत्र के मंजा की मढ़ीयां गांव निवासी 30 वर्षीय जनवेश पुत्र सुरेंद्र अपने पारिवारिक भाई 35 वर्षीय संतोष पुत्र वेदराम और मढ़ीयां तौफीक निवासी अपने दोस्त 45 वर्षीय सत्यदेव उर्फ संजीव पुत्र
मेघनाथ के साथ बाइक से इटौरा, मैनपुरी स्थित अपनी बुआ उर्मिला के घर सौनी देने गए थे। तीनों शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे घर से निकले थे। वापस लौटते समय मरहला गांव के सामने उनकी बाइक की सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्यदेव उर्फ संजीव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया। जनवेश को भी चोटें आईं। दूसरी बाइक पर
सवार कानपुर निवासी 40 वर्षीय शैलेंद्र पुत्र हरिओम भी घायल हो गया। बताया गया कि शैलेंद्र बियर फैक्ट्री में काम करता है और मदनपुर ढाबे पर खाना खाने जा रहा था। हादसे की सूचना पर डायल 112 और डायल 108 मौके पर पहुंचीं। थाना प्रभारी निरीक्षक मुन्ना लाल यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद लाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सन्नी मिश्रा ने सत्यदेव उर्फ संजीव को मृत घोषित कर दिया। संतोष की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल राम मनोहर लोहिया रेफर कर दिया गया, जबकि जनवेश का सीएचसी में उपचार चल रहा है। शैलेंद्र को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक मुन्ना लाल यादव ने बताया कि पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। उनके अनुसार शैलेंद्र ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीनों लोगों ने हेलमेट नहीं लगाया था। पुलिस के मुताबिक घायल जनवेश और संतोष के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। उप निरीक्षक जसवीर सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। हादसे के बाद एक बार फिर हाई-वे पर यातायात नियमों के पालन और हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत, तीन घायल
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



