देवर्षि नारद जयंती पर पत्रकारों को लोककल्याण का संदेश

0
143

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नारद जयंती आयोजन समिति के तत्वावधान में श्याम नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में देवर्षि नारद जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व कुलपति डॉ. रंगनाथ मिश्र ने की, जबकि मुख्य वक्ता सुरेंद्र पांडेय रहे। कार्यक्रम स्थल पर देवर्षि नारद का आकर्षक स्वरूप सजाया गया, जिसने उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. रंगनाथ मिश्र ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज के पीड़ित, उपेक्षित और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनना है। उन्होंने कहा कि जहां तक दुख और पीड़ा की आवाज नहीं पहुंच पाती, वहां तक पत्रकारों और कलमकारों को पहुंचकर समाज के सामने सच्चाई लानी चाहिए। तभी नारद जयंती मनाने की वास्तविक सार्थकता सिद्ध होगी। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि वह शिक्षा निरर्थक है, जो व्यक्ति को संस्कार न दे सके।
मुख्य वक्ता सुरेंद्र पांडेय ने कहा कि देवर्षि नारद को सृष्टि का प्रथम पत्रकार माना जाता है। उन्होंने सदैव लोककल्याण और सत्य संदेश के प्रसार का कार्य किया। आज के पत्रकारों और जागरूक नागरिकों को भी उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज में सकारात्मकता और लोकहित का संदेश पहुंचाना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन ऋषि दत्त शर्मा ‘गुड्डू पंडित’ ने किया। इस अवसर पर सामाजिक, शैक्षिक और पत्रकारिता जगत से जुड़े बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]