दहेज में दो लाख रुपये न मिलने पर विवाहिता को घर से निकालने का आरोप, गर्भपात कराने का भी दावा

0
24

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति समेत पांच ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये मांगने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी के अनुसार, हथियापुर निवासी माधुरी का विवाह 7 मई 2026 को नवाबगंज थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी अभिषेक के साथ हुआ था। विवाह में मायके पक्ष ने गृहस्थी का सामान और मोटरसाइकिल दी थी। आरोप है कि इसके बावजूद पति अभिषेक, सास गायत्री देवी, ससुर रमेश चंद्र तथा जेठ रवि और सुधीर अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये की मांग करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि 19 अगस्त 2026 को पति और अन्य ससुरालीजनों ने उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। इसके बाद स्त्रीधन छीनकर उसे घर से निकाल दिया और दो लाख रुपये लाने पर ही ससुराल में रखने की बात कही। पीड़िता के अनुसार, मारपीट के दौरान पेट में चोट लगने के बाद उसे रक्तस्राव होने लगा। दो सितंबर को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उपचार के दौरान उसे गर्भ में पल रहे दो माह के बच्चे का गर्भपात होने की जानकारी दी गई।पीड़िता ने मामले में पहले भी शिकायत करने और महिला समझौता केंद्र में सुलह का प्रयास किए जाने की बात कही है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विनीत कुमार त्रिपाठी को सौंपी गई है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]