थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादें,

0
27

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को नवाबगंज थाने में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े संयुक्त मामलों का मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखा जाए।समाधान दिवस में भूमि विवाद, राजस्व, आपसी विवाद एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों की नियमानुसार जांच कर निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने तथा लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए।गौशाला की व्यवस्थाओं का लिया जायजा थाना समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी ने विकासखंड नवाबगंज स्थित गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने गौवंशों के लिए उपलब्ध चारा, भूसा, हरा चारा, स्वच्छ पेयजल, छायादार व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संरक्षित गौवंशों को समय से पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, भूसा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही गौवंशों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कराई जाए और बीमार पशुओं का तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने गौशाला परिसर में नियमित साफ-सफाई, जल निकासी और कीट नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान गौशाला के अभिलेखों का अवलोकन कर गौवंशों की संख्या एवं उनके रखरखाव की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप गौ आश्रय स्थलों का समुचित संचालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण एवं थाना समाधान दिवस के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी, संबंधित उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]