फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फतेहगढ़ के भूसा मंडी निवासी डॉ. भोला सिंह टप्पेबाजी का शिकार हो गए। एक शातिर व्यक्ति ने सोने की अंगूठी का डिजाइन दिखाने का बहाना बनाकर उनकी दो सोने की अंगूठियां उतरवा लीं और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार डॉ. भोला सिंह स्कूटी से सरसों लेकर तेल निकलवाने के लिए सेंट्रल जेल चौराहा के निकट आए थे। इसी दौरान एक वृद्ध व्यक्ति उनके पास पहुंचा और कहा कि उसे सोने की अंगूठी बनवानी है। उसने डॉ. भोला सिंह से उनकी अंगूठी का डिजाइन पास की सर्राफा दुकान पर दिखाने का अनुरोध किया। बातों में उलझाकर आरोपी उन्हें अपने साथ सर्राफा बाजार की ओर ले गया। रास्ते में उसने किसी बहाने से डॉ. भोला सिंह की दोनों सोने की अंगूठियां उतरवा लीं और मौका मिलते ही फरार हो गया। जब तक डॉक्टर को ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुका था। सूचना मिलते ही कादरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के निकट एक प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में संदिग्ध टप्पेबाज कैद हो गया है। इसके अलावा पुलिस ने रखा रोड और सेंट्रल जेल तिराहे पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टप्पेबाज की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
अंगूठी का डिजाइन दिखाने के बहाने टप्पेबाज ने डॉक्टर की दो सोने की अंगूठियां उड़ाईं, सीसीटीवी में कैद
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



