तहसील सदर के स्थानांतरण पर भड़के अधिवक्ता, नारेबाजी कर सौंपा ज्ञापन

0
89

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)तहसील सदर के स्थानांतरण को लेकर अधिवक्ताओं का विरोध तेज हो गया है। कई बार ज्ञापन देने के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल न होने पर बुधवार को अधिवक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। बार एसोसिएशन तहसील सदर के पदाधिकारियों के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और तहसील को वर्तमान परिसर से अन्यत्र स्थानांतरित न किए जाने की मांग उठाई। चेतावनी दी कि यदि स्थानांतरण का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और हड़ताल की जाएगी।बुधवार को बार एसोसिएशन तहसील सदर के अध्यक्ष रामेंद्र कटियार और सचिव ओम प्रकाश दुबे उर्फ ओमू के नेतृत्व में अधिवक्ता उपजिलाधिकारी संजय कुमार सिंह से मिले। इस दौरान उन्होंने कहा कि पूर्व में कई बार ज्ञापन दिए जाने के बावजूद उनकी मांग पर प्रशासन ने गंभीरता से विचार नहीं किया है। तहसील को शहर से दूर किसी अन्य स्थान पर ले जाने से अधिवक्ताओं के साथ ही आम जनता को भी परेशानी उठानी पड़ेगी।ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने बताया कि तहसील सदर का कार्यालय वर्ष 1938 से इसी परिसर में संचालित हो रहा है। वर्ष 2009 में यहां नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया था। वर्तमान परिसर में तहसील सदर कार्यालय के साथ उपनिबंधक कार्यालय और नगर पालिका कार्यालय भी संचालित हैं। वहीं फतेहगढ़ में सिविल न्यायालय, चकबंदी न्यायालय और जिला मुख्यालय स्थित हैं। ऐसे में मौजूदा व्यवस्था से लोगों को राजस्व, पंजीकरण और नगर पालिका से जुड़े कार्य एक ही परिसर में कराने की सुविधा मिलती है।अधिवक्ताओं का कहना है कि तहसील को शहर से दूर स्थानांतरित किए जाने से आम लोगों को अलग-अलग कार्यों के लिए कई स्थानों पर चक्कर लगाने पड़ेंगे। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले फरियादियों को आर्थिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।उन्होंने ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान तहसील भवन का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त जरूर है, लेकिन उसकी मरम्मत कराई जा सकती है। भवन की पिछली दीवार बारिश के कारण खराब हुई है, जिसे कम खर्च में दुरुस्त कराया जा सकता है। अधिवक्ताओं के मुताबिक भवन अभी भी कार्य करने योग्य है, इसलिए स्थानांतरण के बजाय मरम्मत कराकर मौजूदा परिसर में ही तहसील का संचालन जारी रखा जाए।अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से जनहित को ध्यान में रखते हुए तहसील सदर का स्थानांतरण रोकने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।इस मौके पर रामेंद्र कटियार, ओम प्रकाश दुबे उर्फ ओमू, होशियार सिंह राजपूत, हेमराज सिंह राजपूत, रुकमंगल सिंह चौहान, संजीव शाक्य, विपिन यादव, राजीव सिंह यादव, संजय कटियार, सतेंद्र शाक्य, अनूप कटियार, निखिल मिश्रा, स्वदेश दुबे और दिलीप कश्यप सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]