फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस लाइन फतेहगढ़ में बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 39वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने खेलकूद की अलग-अलग स्पर्धाओं में उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के शुभारंभ पर जिलाधिकारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी रुचि लेने तथा हार-जीत की परवाह किए बिना पूरी खेल भावना से प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।इस दौरान छात्र-
छात्राओं ने अनुशासित पीटी प्रदर्शन कर अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता में 50, 100, 200, 400 और 600 मीटर दौड़ के अलावा रिले रेस, चक्का फेंक, गोला फेंक और लंबी कूद की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने अपनी गति, शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।समापन अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मदाबाद कृपाशंकर सिंह ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों को नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ अपनी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अवनीश चौहान, जूनियर शिक्षक संघ के अध्यक्ष अवनीश मिश्रा, देवेश यादव, वीरेंद्र त्रिवेदी सहित शिक्षक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विभाग बच्चों की पढ़ाई के साथ उनकी खेल प्रतिभा को भी आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। ऐसी प्रतियोगिताओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है।
39वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



