ट्रांसफार्मर के पास जला मिला युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप

0
19

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)कादरी गेट थाना क्षेत्र की पांचाल घाट चौकी के अंतर्गत पुरानी घटिया स्थित सब्जी मंडी के पास शनिवार को ट्रांसफार्मर के समीप एक युवक का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव अर्धनग्न अवस्था में केबल बॉक्स और दीवार के बीच पड़ा मिला। युवक की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसफार्मर के आसपास काफी देर से दुर्गंध आ रही थी। संदेह होने पर लोगों ने आसपास तलाश की तो युवक का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी और पांचाल घाट चौकी प्रभारी हरिकेश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर युवक के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। युवक ट्रांसफार्मर के पास कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।बताया गया है कि घटना स्थल पांचाल घाट चौकी क्षेत्र में पुरानी घटिया के पास सब्जी मंडी स्थित एक मिठाई की दुकान के निकट है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]