जनगणना-2027 के लिए प्रशिक्षण शुरू, डीएम ने शुद्ध आंकड़े जुटाने के दिए निर्देश

0
29

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रशिक्षण का शुभारंभ करते हुए कार्मिकों को जनगणना के आंकड़ों का शुद्ध एवं समयबद्ध संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व की प्रक्रिया है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाएं तैयार करने, संसाधनों का वितरण करने और जनकल्याणकारी नीतियां बनाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में कार्मिकों ने सराहनीय कार्य किया है। इसी जिम्मेदारी और कार्यकुशलता के साथ दूसरे चरण का काम भी पूरा किया जाए।उन्होंने निर्देश दिए कि सूचनाओं के संकलन के साथ डिजिटल फीडिंग में भी विशेष सावधानी बरती जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। प्रशिक्षणार्थी जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों और तकनीकी प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझ लें तथा शंकाओं का समाधान प्रशिक्षण के दौरान ही कर लें।जिलाधिकारी ने बताया कि 16 से 20 नवंबर 2026 तक स्वगणना अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत अधिक से अधिक नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार तैयारियां पूरी करने के निर्देश भी दिए।जनगणना प्रभारी पारखी भार्गव ने बताया कि जनपद में जनसंख्या गणना को व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण सात नवंबर तक पूरा किया जाना है। जनसंख्या गणना एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है। पांच जनवरी 2027 को संदर्भ तिथि निर्धारित की गई है, जबकि पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण कार्य होगा।प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर तहसीलदार सदर विक्रम सिंह, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य राजीव सिंह, जनगणना प्रभारी पारखी भार्गव सहित संबंधित अधिकारी, प्रशिक्षक और प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]