फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सावन माह में पांचाल घाट गंगा तट पर कांवड़ियों और जल लेने आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। सोमवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा जल लेने पांचाल घाट
पहुंचे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी है। इसी बीच गंगा स्नान के दौरान
शाहजहांपुर जिले के चार युवकों के डूबने की आशंका से हड़कंप मच गया। पुलिस, गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने गंगा में उनकी तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर जिले के थाना
खुदागंज क्षेत्र के ग्राम साहूकार निवासी करीब 8-10 लोग सोमवार देर रात गंगा जल लेने के लिए पांचाल घाट पहुंचे थे। सोमवार तड़के करीब चार बजे 19 वर्षीय कमल सक्सेना पुत्र सतपाल सक्सेना, 18 वर्षीय विकास सक्सेना पुत्र सोनपाल, 16 वर्षीय योगेश सक्सेना पुत्र प्रमोद तथा 17 वर्षीय अर्जुन प्रजापति पुत्र राजेश एक साथ गंगा स्नान करने चले गए। काफी समय बीत जाने के बाद भी चारों युवक वापस नहीं लौटे तो उनके साथ आए लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी युवकों का पता नहीं चला। इसके बाद साथ आए अवनीश सक्सेना ने पुलिस को सूचना दी और आशंका जताई कि गंगा स्नान के दौरान चारों युवक गहरे पानी में डूब गए हैं।सूचना मिलते ही पुलिस मौके
पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से गंगा में तलाश शुरू कराई गई। बाद में एनडीआरएफ की टीम को भी तलाश अभियान में लगाया गया। पांचाल घाट चौकी प्रभारी हरिकेश ने बताया कि साथ आए लोगों के
अनुसार चारों युवक एक साथ गंगा स्नान करने गए थे और वापस नहीं लौटे। प्रथम दृष्टया उनके गंगा में डूबने की आशंका है। गोताखोरों और
एनडीआरएफ की मदद से उनकी तलाश की जा रही है।सावन के सोमवार को पांचाल घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हुए इस घटनाक्रम से प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार गंगा घाट पर निगरानी बनाए हुए हैं।




