एनएचएम कर्मियों ने समस्याओं के समाधान को उठाई आवाज, मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन

0
242

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के निस्तारण को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। कर्मचारियों ने सेवा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने और कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई।
संयुक्त उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के नेतृत्व में पहुंचे कर्मचारियों ने कहा कि वे वर्षों से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दे रहे हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के साथ-साथ कोविड काल जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी उन्होंने अग्रिम पंक्ति के कर्मियों के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि मिशन के अंतर्गत कार्यरत अनेक कर्मियों को अब तक सेवा सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल सका है। इससे कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
संघ ने सरकार से स्वास्थ्य बीमा की व्यवस्था लागू करने, वेतन संबंधी असमानताओं को दूर करने, स्पष्ट वेतनमान नीति लागू करने तथा आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के लिए सेवा सुरक्षा एवं समायोजन नीति तैयार करने सहित विभिन्न मांगों पर विचार करने का अनुरोध किया। संघ के अध्यक्ष गौरव कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और अधिक बेहतर होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान उपाध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार, महामंत्री नरेंद्र मिश्रा, रत्नेश कुमार, संजीव कुमार, ज्योति सिंह, सौरभ रतन देव यादव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]