फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले में मक्का खरीद सत्र शुरू होने के तीन दिन बाद भी सरकारी खरीद न होने से किसानों में नाराजगी बढ़ गई। गुरुवार को कई किसान सातनपुर मंडी स्थित खरीद केंद्र पहुंचे, जहां खरीद प्रक्रिया शुरू न होने पर उन्होंने विरोध जताया और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सरकार ने जनपद में 15 जून से 31 जुलाई तक 3,300 मीट्रिक टन मक्का खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए किसानों को 2,400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाना है। बावजूद इसके अब तक खरीद शुरू नहीं हो सकी है। कीरतपुर के प्रशांत कटियार, नगला अमृत के सतीश कुमार सहित कई किसान अपनी उपज लेकर खरीद केंद्र पहुंचे, लेकिन वहां खरीद व्यवस्था शुरू नहीं मिली।किसानों ने इस संबंध में किसान नेता एवं आलू विपणन सहकारी संघ के निदेशक अशोक कटियार से शिकायत की। सूचना मिलने पर अशोक कटियार सातनपुर मंडी स्थित खरीद केंद्र पहुंचे। आरोप है कि सुबह 11 बजे तक केंद्र प्रभारी संतोष यादव मौके पर मौजूद नहीं थे और उनका मोबाइल फोन भी बंद जा रहा था। इससे नाराज किसानों ने केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया। बाद में अशोक कटियार ने संबंधित अधिकारी रोली सिंह से फोन पर बातचीत की। उन्हें बताया गया कि राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के पोर्टल पर खरीद केंद्र का विधिवत अपलोड न होने के कारण खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इस पर कटियार ने नाराजगी जताते हुए मामले को गंभीर बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी एन.के.एस. चौहान से भी शिकायत की। चौहान ने जिलाधिकारी से वार्ता कर शीघ्र मक्का खरीद शुरू कराने का आश्वासन दिया। अशोक कटियार ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ किसानों तक नहीं पहुंच पा रहा है। किसान मजबूरी में अपनी मक्का कम कीमत पर बेचने को विवश हैं, जिससे सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सरकारी मक्का खरीद शुरू नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
सरकारी मक्का खरीद शुरू न होने पर किसानों का हंगामा, कार्रवाई की मांग
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



