फर्रुखाबाद: जनपद में सावन के पहले सोमवार पर शहर में स्थित शिव मंदिरों में शिवभक्तों का हुजूम उमड़ा हुआ है। इस मौके पर सुरक्षा के भी पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। शिव मंदिरों में सावन के पहले सोमवार को धूमधाम से मनाने के लिए रूद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की जा रही है। शहर के प्रसिद्ध पांडेश्वर मंदिर में भक्तों का तांता सुबह से ही लगा हुआ है। वही पंडाबाग शिव मंदिर में भक्तो ने शिव को बेलपत्र चढ़ा कर प्रसन्न किया और गर्मी व उमस भरे सावन में बरसात होने की मन्नत मांगी|
भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए इन प्रसिद्ध मंदिरों में विशेष पूजा का आयोजन किया गया है।
शहर के अलावा कायमगंज , कमालगंज और फतेहगढ़ के प्रसिद्ध मंदिरों में भी सुबह से ही लोग हाथों में दूध और बेलपत्र लेकर कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
पंडाबाग मंदिर में तो हजारों भक्तों का रेला लगा हुआ है। लोग भोलेनाथ के जयकारों के साथ मंदिरों में दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं।
घुमना के कोतवालेश्वर नाथ मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की लम्बी कतारें लगी हुई हैं। आवास विकास में प्रसिद्ध भूतेश्वर नाथ मंदिर में भी सावन के मौके पर हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचे हुए हैं। पुजारी सर्वेश शुक्ल ने बताया की सावन के पहले सोमवार को रूद्राभिषेक कराना फलदायी होता है। इस दौरान सच्चे मन से पूजा अर्चना करने वाले व्यक्ति की मनोकामना जरूर पूर्ण होती है।
सुरक्षा व्यवस्था में लगे एक अधिकारी के मुताबिक पंडाबाग मंदिर में आसपास के जिलों के लोग भी पंहुचे थे| लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस की कई टीमें बनायी गयी हैं, जो अपने काम में लगी हुई हैं।
उमस भरे सावन के पहले सोमवार को भोले से मांगी बरसात होने की मन्नत
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]

