इलाज के दौरान युवक की मौत, परिजनों ने बहला-फुसलाकर ले जाने का लगाया आरोप

0
106

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)थाना कादरीगेट क्षेत्र के नरकसा स्थित अंबेडकर नगर निवासी एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने युवक को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने और मामले में कार्रवाई न होने का आरोप लगाया है। मृतक की पत्नी रागनी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 6 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे पवन पुत्र तोताराम उनके घर आया और उनके पति रोहित पुत्र राजेंद्र सिंह को काम पर चलने की बात कहकर अपने साथ ले गया। रोहित अपनी टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल से निकला था। परिजनों का आरोप है कि उसके पास टैक्सी बेचने से मिले 1.15 लाख रुपये और नया वाहन खरीदने के लिए घर से लिए गए 20 हजार रुपये भी थे। परिजनों के अनुसार, अगले दिन शाम करीब 7 बजे सूचना मिली कि रोहित गंभीर हालत में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। बाद में बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दुर्घटना हरदोई जनपद के थाना सवाईपुर क्षेत्र में रूपापुर से लगभग सात किलोमीटर दूर गौसिया गांव के पास हुई थी। वहीं से रोहित की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। इसी आधार पर पुलिस ने घटना स्थल हरदोई जनपद में होने की बात कही। पोस्टमार्टम के बाद शव फर्रुखाबाद लाया गया। रविवार को परिजनों द्वारा शव रखकर जाम लगाने की सूचना पर चौकी प्रभारी के.के. कश्यप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाकर शांत कराया और घटना स्थल हरदोई जनपद में होने के कारण वहीं विधिक कार्रवाई कराने की सलाह दी। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच संबंधित थाना क्षेत्र द्वारा की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]