फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) रविवार को नगर के सेन्ट्रल जेल चौराहे पर अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का आनावरण किया गया, कार्यक्रम में भारत सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री प्रो. बघेल सेंट्रल जेल पुलिस चौकी के निकट लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की स्थापित प्रतिमा का अनावरण किया। इसके उपरांत वह सातनपुर आलू मंडी परिसर में आयोजित पाल समाज सम्मेलन में पहुंचे और अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में प्रो. बघेल ने अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके योगदान एवं होल्कर वंश के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि होल्कर वंश के पूर्वजों ने देशभर में टूटे हुए हजारों मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया था। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के विकास का आधार है, लेकिन राजनीति वह माध्यम है जिससे समाज और व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को जोखिम लेने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ने से उसकी आवाज और अधिक प्रभावी होगी।
कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, सोमवारपुरी जी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, भोजपुर विधायक नगेंद्र सिंह राठौर, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल, कोऑपरेटिव बैंक चेयरमैन कुलदीप गंगवार, पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल, संकिसा चेयरमैन प्रतिनिधि राहुल राजपूत तथा अभिमन्यु शूटिंग अकादमी के संचालक अनिल पाल आदि रहे।
कुलदीप पाल, पाल सेना प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज पाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशाराम पाल, पाल सभा जिलाध्यक्ष दयाराम शाक्य आदि प्रमुख रूप से रहे |
अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों पर चले पाल समाज:एसपी सिंह बघेल



