अवैध अतिक्रमण पर चला बाबा का बुलडोजर, बेदखली के आदेश के बाद गरजा पीला पंजा

0
14

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव वली पट्टी रानी में बंजर भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जे के खिलाफ मंगलवार को तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। धारा 67 के तहत बेदखली का आदेश पारित होने के बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटवा दिया गया। कार्रवाई के दौरान करीब दो घंटे तक विरोध और हंगामे की स्थिति बनी रही।बताया गया कि गांव निवासी धर्मेंद्र ने बंजर भूमि पर निर्माण कर कथित रूप से कब्जा कर लिया था। मामले में तहसीलदार शशांक सिंह की अदालत से धारा 67 के तहत कार्रवाई करते हुए बेदखली का आदेश पारित किया गया था। बताया गया कि उक्त आदेश 11 सितंबर को जारी हुआ था।आदेश के अनुपालन में मंगलवार 15 सितंबर को लेखपाल अमित शुक्ला, कानूनगो दिनेश शर्मा, कानूनगो लाल बहादुर सहित राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज राहुल, उपनिरीक्षक खुले लाल समेत पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू की गई। कार्यवाही के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब धर्मेंद्र की पत्नी सुमन जेसीबी मशीन के सामने आकर खड़ी हो गईं। महिला ने कार्रवाई का विरोध करते हुए मशीन को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें वहां से हटाया। वहीं उनके बेटे को पुलिस थाने ले गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम को देखते रहे।करीब दो घंटे तक चले विरोध और हंगामे के बाद प्रशासन ने कार्रवाई पूरी करते हुए बंजर भूमि से अतिक्रमण हटवा दिया। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे स्थिति नियंत्रण में बनी रही। कार्रवाई पूरी होने के बाद राजस्व विभाग ने भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]