फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर तहसील को नई उपजिलाधिकारी मिल गई हैं। वर्ष 2020 बैच की पीसीएस अधिकारी श्वेता साहू ने मंगलवार को अमृतपुर तहसील में एसडीएम पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। झांसी से स्थानांतरित होकर फर्रुखाबाद पहुंचीं श्वेता साहू को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अमृतपुर तहसील की जिम्मेदारी सौंपी है। कार्यभार संभालने के बाद एसडीएम श्वेता साहू ने कहा कि अमृतपुर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है, इसलिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में जिला एवं तहसील प्रशासन हर समय उनके साथ खड़ा रहेगा। राहत, बचाव और आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना तथा बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों का प्रभावी संचालन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए। नई जिम्मेदारी मिलने पर अमृतपुर क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम श्वेता साहू का स्वागत करते हुए उनके सफल, पारदर्शी और जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा बाढ़ जैसी चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना किया जा सकेगा।कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसडीएम ने तहसील कर्मचारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, बाढ़ की तैयारियों और उनके समाधान को लेकर विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।
अमृतपुर तहसील को मिली नई एसडीएम, श्वेता साहू ने संभाला कार्यभार
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



