बूथ जीतेगा तो चुनाव जीतेगा, 2027 की जीत का संकल्प लेकर जुटें कार्यकर्ता: देवेंद्र देव

0
19

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ सम्मेलन आयोजित किए गए। सम्मेलनों में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करते हुए बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रमों में प्रत्येक बूथ अध्यक्ष का नाम और बूथ संख्या मोटे अक्षरों में कुर्सियों पर अंकित कर उन्हें विशेष सम्मान दिया गया। पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम में आयोजित अमृतपुर विधानसभा बूथ सम्मेलन में मुख्य अतिथि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और बूथ अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में बूथ अध्यक्ष से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने तक का अवसर मिलता है। कार्यकर्ताओं से केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान करते हुए उन्होंने प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प दोहराया। अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि चुनाव में वही दल सफल होता है, जिसका बूथ मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि बूथ सम्मेलन संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और विधानसभा चुनाव की सफलता की नींव बूथ की मजबूती पर ही निर्भर करती है। भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा सरकार की नीतियों और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनावी तैयारियों में जुट जाएं। सम्मेलन का संचालन जिला मंत्री अनुराग सिंह ने किया।इसी क्रम में कायमगंज विधानसभा के बूथ सम्मेलन को इटावा के पूर्व जिलाध्यक्ष अजय धाकरे, सदर विधानसभा सम्मेलन को कन्नौज के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत तथा भोजपुर विधानसभा सम्मेलन को इटावा के पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा ने संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया इस दौरान जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, राजेपुर ब्लॉक प्रमुख डॉ. पल्लव सोमवंशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल भारद्वाज, पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य, जिला आईटी सेल संयोजक रजनीश मिश्रा, अमृतपुर मंडल अध्यक्ष नीरज अवस्थी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]