फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को फतेहगढ़ स्थित स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद मुकेश राजपूत, विधायक कायमगंज, मंडलायुक्त कानपुर मंडल के. विजयेंद्र पांडियन, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी समेत अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम किए। पूरे स्टेडियम में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज विश्व स्तर पर भारत की पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है। योग तनाव, अवसाद और बदलती जीवनशैली से उत्पन्न होने वाली अनेक बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार योग को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक नागरिक स्वस्थ एवं निरोग जीवन जी सके। मंत्री ने युवाओं से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी लोगों से योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। आयोजन के सफल संचालन में विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों तथा प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर फर्रुखाबाद में उमड़ा जनसैलाब, सामूहिक योगाभ्यास
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



