डीएम के पैतरे से फंस गए लल्लन जी चक्कर में

Uncategorized

फर्रुखाबाद:  राशन वितरण, मध्यान्ह भोजन व छात्रवृत्ति आदि के वितरण में लल्लन छाप अधिकारियों की अनदेखी और क्रियान्वयन से जुड़े कर्मचारियों की मनमानी के चलते गरीबों और मासूमो के साथ हो रहे अन्याय से निबटने के लिए नवांगतुक और तेज तर्रार जिलाधिकारी रिग्जिन सेंफेल ने जांच के आदेश कर दिए हैं|  जिलाधिकारी के पैतरे से ये लल्लन छाप अधिकारी चक्कर में पड़ गए हैं| डीएम ने गड़बड़ी मिलने पर भुगतने के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी है| उल्लेखनीय है कि इन शिकायतों के सम्बन्ध में JNI ने बीते दिन लेख प्रकाशित किया था|

जिलाधिकारी रिग्जिन सेम्फेल ने बताया कि क्षेत्र में भ्रमण के दौरान और कलेक्ट्रेट में आने वाले फरियादियों में से अधिकाँश की शिकायतें राशन, मध्यान्ह भोजन और छात्रवृत्ति वितरण से सम्बंधित होती हैं| उन्होंने बताया कि इन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए ब्लाकवार जांच के आदेश कर दिए गए हैं| प्रथम चरण में जनपद के १३५ ग्रामों का जांच के लिए चयन किया गया है| जांच आख्या २४ घंटे के अन्दर तलब की गयी है| जांच के लिए ग्रामों की सूची विकास खण्ड स्तर पर सभी सहायक विकास अधिकारियों को सौंपी गयी है| जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर सम्बंधित के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी|

श्री सेम्फेल ने बताया कि यह क्रम लगातार जारी रहेगा और सभी ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत सत्यापन कराया जाएगा| उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है| इसमें ढिलाई बरतने वालों को बक्सा नहीं जाएगा|