मामूली विवाद में भाई ने भाई को काटकर मौत के घाट उतारा

Uncategorized

फर्रुखाबाद: सुबह होते ही शहर में फिर क्राइम की नई इबारत लिख दी गयी। इबारत भी ऐसी सुनने और देखने वालों के दिल दहल जायें। एक भाई दूसरे भाई के खून का प्यासा इस कदर हो गया कि उसे न तो अपने भाई के बच्चों का ख्याल रहा और न ही मां समान भाभी का सिंदूर। उसके ऊपर तो सिर्फ भाई को मौत की घाट उतारने का जुनूंन सवार हो गया और उसने इस मकसद में कामयाबी भी हासिल कर ली। भाई को कुल्हाड़ी से काटकर घायल कर दिया और फरार हो गया। उसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गयी।

घटना थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला बीबीगंज की है। जहां सिकंदर शाक्य पुत्र फूलसिंह शाक्य को उसके ही छोटे भाई अशोक ने कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। शव पर फफक-फफक कर रो रही मृतक सिकंदर की पत्नी सुनीता ने बताया कि सिकंदर पंजाब में प्राइवेट नौकरी करता था। दो महीने पहले वह छुट्टी लेकर घर आया। कुछ पैसे कमा लेने पर सिकंदर अपना मकान बनवा रहा था। सिकंदर का बेटा विशाल घर के बाहर पड़ी बालू उठाकर घर के अंदर ले जा रहा था। रास्ते में नशे की हालत में अशोक बैठा था। अशोक ने विशाल को बालू ठीक से ले जाने की बात कही और देखते ही देखते उसके साथ मारपीट करने लगा। मारपीट होते देख सिकंदर भी आ गया। जिस पर सिकंदर और उसके छोटे भाई अशोक में हाथापाई होने लगी। देखते ही देखते मामला कुछ ज्यादा ही पेचीदा हो गया। मौका देखकर अशोक ने सिकंदर के सर पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिये। जिससे वह वहीं बेहोश होकर गिर गया। रोती गिड़गिड़ाती मृतक की पत्नी सुनीता सूचना देने चौकी पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया। सिकंदर को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे रिफर कर दिया गया। लेकिन मार्ग में ही सिकंदर की मौत हो गयी। मौत की खबर सुनते ही कोहराम मच गया।

थानाध्यक्ष मऊदरवाजा हरपाल सिंह यादव ने बताया कि मामले की जानकारी होते ही मृतक के आरोपी भाई अशोक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।