100 नम्बर डायल करने का बढ़ा क्रेज, पुलिस की नाक में दम

Uncategorized

फर्रुखाबाद: जनपद में बढ़ रहे आपराधिक ग्राफ को देखते हुए आम जनता भी अब धीरे-धीरे जागरूक हो रही है। जनपद की जनता अब पुलिस के समय से न पहुंचने व हीलाहवाली के चलते पुलिस का टोलफ्री नम्बर 100 डायल कर तत्काल अपने उत्पीड़न की सूचना कन्ट्रोल रूम तक पहुंचा रही है। जिससे मक्कारी करने वाले पुलिस कर्मियों की नाक में दम हो गया है। फिलहाल आज हुईं दो घटनाओं में लोगों ने तत्काल 100 नम्बर डायल कर पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस द्वारा जनता को शिकायत व सुझाव देने के लिए टोल फ्री नम्बर 100 दिया गया है। जिस पर कोई भी व्यक्ति कभी भी फोन कर अपनी समस्या से अवगत करा सकता है। जिससे पूर्व आम जनता शायद ज्यादा जागरूक नहीं थी तो वह सम्बंधित चौकी इंचार्ज के फोन पर घंटी करने पर या तो फोन उठता ही नहीं था यदि उठ भी जाता था तो पुलिस घंटों लेट हो जाती थी। आज हुईं दो घटनायें आईटीआई चौकी के अन्तर्गत ग्राम अलादादपुर में मारपीट होने पर रामबीर नामक युवक ने पुलिस को 100 नम्बर पर गांव में झगड़ा होने की सूचना क्या दी। महज कुछ ही घंटों में पुलिस उनके गांव में मौजूद थी। वहीं दूसरी घटना लूट की 100 नम्बर पर पहुंची। जब सेन्ट्रल जेल के निकट अवनीश कुमार नाम के व्यक्ति को पल्सर सवार कुछ युवकों ने लूटने का प्रयास किया लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। इसकी जानकारी अवनीश ने तत्काल 100 नम्बर पर कन्ट्रोल रूम को दी। फिर क्या था पूरे शहर की वायरेसों पर पल भर में घटना प्रसारित कर दी गयी और मजबूरन पुलिस को घटना स्थल पर समय से पहुंचना पड़ा। जिससे एक तरफ तो जनता को समय पर पुलिस उपलब्ध हो गयी लेकिन धीरे-धीरे 100 नम्बर डायल करने का क्रेज बढने से पुलिस की नाक में दम होता जा रहा है।