RFC व DM पर भारी गेंहू खरीद में निलंबित केंद्र प्रभारी, चार्ज न छोड़ने से ट्रको लगी लाइन

Uncategorized

फर्रुखाबाद: राशन माफियाओं की रीड़ तोड़ पाना सपा सरकार के बस का भी नहीं है| निलंबन और परदे के पीछे से समर्थन का खेल बदस्तूर जारी है| फर्रुखाबाद में गेंहू खरीद में धांधली व मनमानी पर डीएम की नाराजगी का इतना तो असर हुआ कि चर्चित विपणन निरीक्षक विजय सिंह यादव को निलंबित कर दिया गया। परंतु निलंबन के एक सप्ताह बाद भी चार्ज नही छोड़ने के कारण गोदाम के बाहर राशन व वारदाने के ट्रकों की लाइन लग गयी है। उनके स्थान पर तैनात महेंद्र शुक्ला चार्ज के लिये भटक रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गोदाम की चाभी देने से पहले गोदाम में गायब माल पूरा किया जा रहा है| बिना चार्ज छोड़े कल देर रात कुछ ट्रक चावल चीनी गोदाम में उतारे गए है|

सत्ता में पहुंच का खेल कहें, राशन माफिया की जुगत या विभाग में कर्मचारियों का टोटा। सदर तहसील में तैनात विपणन निरीक्षक विजय सिंह यादव को शमसाबाद, कमालगंज व राजेपुर के गेंहूं खरीद केंद्रों का अतिरक्ति चार्ज मिला हुआ था। कई स्थानों पर गेंहूं खरीद में में धांधली व अनियमितता की शिकायतों पर जिलाधिकारी मुथु कुमार स्वामी ने इस संबंध में आरएफसी से नराजगी व्यक्त की थी। बाद में विजय सिंह यादव को निलंबित कर दिया गया। परंतु आरएफसी के निलंबन आदेश व डीएम की नाराजगी के बावजूद निलंबन के लगभग एक सप्ताह बाद भी मंगलवार तक उन्होंने केवल शमसाबाद केंद्र का ही चार्ज सौंपा है। स्थिति यह है कि विभिन्न केंद्रों पर गेंहू की हजारों बारियां लिफ्टिंग के लिये रखी है, सदर गोदाम के बाहर वारदाने व राशन से लदे ट्रकों की लाइनें लगी है, और उनके स्थान पर तैनात कर्मचारी महेंद्र शुक्ला चार्ज पाने के लिये भटक रहे हैं, परंतु विजय सिंह यादव ने अभी तक चार्ज नहीं छोड़ा है।

इस संबंध में पूछे जाने पर विजय सिंह ने बताया कि उनकों अभी तक अन्य केंद्रों के चार्ज हस्तांरण का आदेश अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। शमासाबाद के विषय में आदेश मिल गया था। उन्होंने बताया कि आदेश प्राप्त होते ही चार्ज छोड़ दिया जायेगा।