कुदरत का करिश्मा, महिला ने जनी तीन बच्चियां

Uncategorized

कमालगंज (फर्रुखाबाद): कमालगंज स्वास्थ्यकेन्द्र उस समय बच्चों की किलकारी से अचानक गूंज उठा जब एक महिला ने एक ही समय में तीन बच्चियों को जन्म दिया। कमालगंज स्वास्थ्यकेन्द्र में एक महिला द्वारा तीन बच्चियां पैदा होने की सूचना मिलते ही उसे देखने वालों की भीड़ लग गयी।

कमालगंज स्वास्थ्यकेन्द्र आश्चर्यजनक बच्चे पैदा कराने के मामले में अब मशहूर सा हो गया है। कुछ माह पहले इसी स्वास्थ्यकेन्द्र में एक बगैर हाथों के बच्चे ने जन्म लिया था। फतेहगढ़ के हुसैनपुर नौखंडा के लंगड़ापुर निवासी मंजू पत्नी जितेन्द्र कुशवाह  को प्रसव पीड़ा होने पर आज प्राथमिक स्वास्थ्यकेन्द्र कमालगंज में भर्ती कराया गया था। जहां विधिवत उसका उपचार शुरू कर दिया गया।

दोपहर बाद तकरीबन 3ः15 बजे पर मंजू को प्रसव पीड़ा बढ़ गयी। वहां ड्यूटी पर तैनात महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने मंजू को प्रसव कक्ष में भर्ती कर दिया। तीन बजकर 25 मिनट पर मंजू ने पहली बच्ची को जन्म दिया। दूसरी बच्ची 3 बजकर 28 मिनट पर पैदा हो गयी। तीसरी बच्ची 3 बजकर 32 मिनट पर पैदा हुई।

ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक नीलम गौतम ने बताया कि सामान्य बच्चे तकरीबन ढाई किलो के होते हैं। यह तीनो बच्चियां प्रत्येक साढ़े सात सौ ग्राम की हैं। बच्चों की स्थिति ठीक न होने के कारण उन्हें लोहिया अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया।