शस्त्र लाइसेंस पर कन्नी काट गये नये जिलाधिकारी

Uncategorized

कार्यभार ग्रहण करने के बाद किया कलक्ट्रेट का निरीक्षण

फर्रुखाबाद:  नये जिलाधिकारी सच्चिदानंद दुबे ने शनिवार को पूर्वाह्न यहां पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। मीडिया कर्मियों से वार्ता के दौरान श्री दुवे ने विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए शासन की प्राथमिकताओं को लागू करने का भरोसा दिलाया। क्राइमबेल्ट में शस्त्र लाइसेंस के लिये मारामारी का उल्लेख किये जाने पर जिलाधिकारी ने शाब्दिक अर्थों में हाथ जोड़ते हुए कहा कि यह जिलाधिकारी के स्वविवेक का विषय है, इसमें किसी निती के बारे में न पूछिये।

देवरिया से स्थानांतरण  पर आये नये जिलाधिकारी सच्चिदानंद दुबे ने आज अपराह्न यहां सीधे कोषागार पहुंच कर चार्ज लिया। अधिकारियों से संक्षिप्त वार्ता के उपरांत उन्होंने कलक्ट्रेट पहुंच कर कर्मचारियों से भेट की व कार्यालय का निरीक्षण किया। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने मीडिया कर्मियों से वार्ता के दौरान कहा कि शासन की प्राथमिकताओं को लागू करने के अतिरिक्त विकास कार्यों के क्रियावयन पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। जनपद में स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों की दुर्दशा के विषय पर उन्होंने कहा कि वह इसको दिखवायेंगे।

जनपद में शस्त्र लाइसेंसो के लिये हमेशा रहने वाली मारामारी के विषय में बताते हुए उनसे शस्त्र लाइसेंस जारी करने की नीति के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने विनोदपू्र्ण अंदाज में हाथ जोड़ते हुए कहा कि इस संबंध में कुछ न पूंछे तो बेहतर है। यह जिलाधिकारी के स्वविवेक का विषय है।

श्री दुबे 75 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। 28 दिसंबर 1952 को जन्मे श्री दुबे को वर्ष 1996 में आईएएस अवार्ड किया गया था।  जनपद बलिया के मूल निवासी श्री दुबे गणित में एमएससी पास हैं। उनका प्रशासनिक सेवा में लंबा अनुभव है। वह कई जनपदों में जिलाधिकारी के पद पर रहने के अतिरिक्त निदेशक महिला कल्याण जैसे शासन के उच्च पदों पर भी आसीन रह चुके हैं।