दीपावली की पूर्व संध्या पर जगमगाया शहर

FARRUKHABAD NEWS


फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) दीपावली की पूर्व संध्या पर ही पूरा जिला रोशनी से जगमग हो गया। लोग अपने-अपने घरों को सजाने व संवारने में जुटे रहे। देर शाम शहर के बाजार और घर रंग-बिरंगी झालरों से जगमग दिखाई दिए। अधिकांश इमारत रोशनी से नहाई हुई नजर आईं। दिवाली पर्व को लेकर सुबह से शाम तक ग्राहकों की बाजारों में काफी भीड़ रही। लोगों ने पूजा-पाठ के साथ-साथ जरूरत की हर चीज की खरीदारी की। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। दुकानदारों को भी फुर्सत तक नहीं मिली।

दीपों का पर्व दीपावली की खुशियां मनाने के लिए हर आम व खास जुटा हुआ है। एक ओर परंपरागत मिट्टी का दिया, खिलौना और रूई की बाती का बाजार सजा हुआ था। दूसरी और मोमबत्ती और झालरों की जगमगाहट बाजार की चमक बढ़ा रही थी। बाजार में जगह-जगह घरौंदा की जमकर बिक्री हो रही थी। गणेश-लक्ष्मी की विभिन्न रंग-रूपों

वाली मूर्तियां खूब बिक रही हैं। सभी चीजों की कीमतें चढ़ी हुई हैं लेकिन ग्राहकों ने कीमत की परवाह किए बिना ही जमकर खरीदारी की। दीपावली मनाने के लिए बड़ी संख्या में प्रवासी भी अपने घर आए है जिससे सभी जगह गांव-घर में रौनक का माहौल है। नगर में


दुकानों व इमारतों को आकर्षक लाइटों से सजाया गया है। लोकल फार वोकल की अपील के चलते इस बार मिट्टी के दीये खूब बिक रहे हैं। लोगों ने अपने घरों को सजाने के लिए बाजार से इलेक्ट्रानिक्स और प्लास्टिक के झालरों की खूब खरीदारी की। एलइडी लाइट, पट्टी, झालर, सतरंगी लाइट, जय माता दी, ओम, लक्ष्मी, शुभ लाभ, वंदनवार की झालरों की भी खूब बिक्री हुई। पूजन सामग्री की भी खूब हुई खरीदारी|