निर्मला, महेश व बबली ने हासिल की जीत, एक सदस्य निर्विरोध

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिला योजना समिति के चार सदस्य पदों में से एक निर्विरोध होने के बाद तीन पदों के लिए मतदान कराया गया। नौ निकायों के सभासदों ने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम को मतगणना होने के बाद परिणाम घाषित किया गया। इसमें अनुसूचित जाति महिला सदस्य के पद पर बबली, अन्य पिछड़ा वर्ग के सदस्य पद पर निर्मला शाक्य, अनारक्षित पद के लिए महेश ने प्रतिद्वंदी को हराकर जीत हासिल की। सीमा दीक्षित को निर्विरोध घोषित किया गयाहै।
जिला योजना समिति में चार सदस्य पदों के लिए सभासदों का चयन होना था। इसके लिए नामांकन हुआ। इसमें भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में उतरे। महिला आरक्षित पद पर सीमा दीक्षित निर्विरोध हो गई थी। बकाया तीन पदों के लिए रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में मतदान हुआ। इसमें नगर पालिका सदर के 42, नगर पंचायत नवाबगंज के 16, संकिसा बसंतपुर के 15, खिमसेपुर के 16, कंपिल के 10, कमालगंज के 12, मोहम्मदाबाद के 15, शमसाबाद के 19 और कायमगंज नगर पालिका के 25 सभासदों ने मतदान किया। शाम को मतगणना हुई। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग में मैदान में उतरे प्रत्याशी निर्मला शाक्य को 78, अनुराग यादव को 67, संजीव बाथम को 11 और जूली को 6 वोट मिले। निर्मला शाक्य को विजय घोषित किया गया। अनुसूचित जाति महिला के पद के लिए मैदान में उतरी बबली को 105 और पूनम देवी को 55 वोट मिले। सर्वाधिक वोट पाने के कारण बबली को विजय घोषित किया गया। अनारक्षित पद के प्रत्याशी महेश को 89 और विटाना देवी को 72 वोट मिले। महेश को विजय घोषित किया गया। महिला आरक्षित पद के लिए सीमा दीक्षित ने नामांकन किया था। उनके विरोध में किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इस कारण सीमा दीक्षित को निर्विरोध घोषित किया गया है। निर्वाचन अधिकारी ने सभी को जीत का प्रमाण पत्र दिया।