अंकपत्रों में सुधार को कॉलेजों से नहीं आए अभिलेख, हंगामा

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से अंकपत्रों की गलतियों को सुधारने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में कैंप लगवाया गया। इसमें छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ी, गलत सूचना दिए जाने से परेशान हुए छात्र-छात्राओं ने हंगामा किया। डीआईओएस ने उनको समझाकर शांत किया। कॉलेजों से अभिलेख न आने के कारण अधिकांश छात्र-छात्राओं के अंकपत्र में गलती सुधार की कार्रवाई नहीं हो सकी।
हाईस्कूल व इंटर मीडिएट के अंकपत्रों में नाम, पिता-मां के नाम में गलती होने पर उसमें सुधार के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जिलावार कैंप लगाया गया है। बुधवार को जीआईसी फतेहगढ़ में कैंप लगाया गया। इसमें परिषद से प्रशासनिक अधिकारी राजकुमार और सहायक शशीकांत पटेल आए। उन्होंने हाईस्कूल के 71 और इंटर के 70 छात्र-छात्राओं की सूची चस्पा कर संशोधन संबंधी अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कैंप में अंकपत्रों में संशोधन कराने के लिए छात्र-छात्राओं को सूची में नाम नहीं मिला। इससे नाराज होकर उन्होंने हंगामा किया। जिला विद्यालय निरीक्षक भी वहां पहुंच गए। उन्होंने समझाकर शांत किया। बीसलपुर बागर निवासी संकेत यादव ने बताया कि हाईस्कूल के अंकपत्र में मां का नाम गलत हो गया था। वह सही कराने आए थे। दिव्यांग दिनेश सिंह यादव ने बताया कि वर्ष 2006 में हाईस्कूल किया था। अंकपत्र में मां का नाम गलत हो गया था। संशोधन की सूचना पर आए थे, लेकिन कोई सही जानकारी नहीं दी गई। मोहम्मदाबाद के गांव ज्योता निवासी पल्लवी गोस्वामी ने बताया कि हाईस्कूल के अंकपत्र में कुमारी पल्लवी नाम अंकित है, वह पल्लवी कराने के लिए आई थी। यहां सूची में उनका नाम नहीं है, कोई स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी गई। प्रशासनिक अधिकारी राजकुमार ने बताया कि जिन लोगों ने संशोधन के लिए ऑनलाइन व डाक के माध्यम से आवेदन किया था। उनके निस्तारण के लिए कैंप लगाया गया है। उन्हीं की सूची बनाकर अभिलेख मांगे गए थे। यह अभिलेख लेकर कॉलेज के स्टाफ को आना था। कई कॉलेज से अभिलेख न आने से संशोधन संबंधी कार्रवाई नहीं हो सकी।