चौकानें वाली खबर: बदायूं में चूहे की हत्या में युवक गिरफ्तार

FARRUKHABAD NEWS

बदायूं: बदायूं में चूहे का बेरहमी से कत्ल करने का हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं। जिसमें पुलिस ने कातिल युवक को गिरफ्तार कर लिया हैं। इसके साथ ही पुलिस अब चूहे का पोस्टमार्टम भी कराएगी। पुलिस ने बदायूं के युवक पर यह कार्रवाई पशु प्रेमी की शिकायत पर की हैं। जिसके बाद से क्षेत्र में खलबली मची हुई हैं।
चूहे तो हर घर में होते हैं। आम तौर पर लोग चूहाें को पिंजरे में बंद कर घर के बाहर छोड़ देते हैं। लेकिन शहर के एक युवक ने चूहे को यातनाएं देकर मार डाला। दरअसल युवक ने चूहे की पूंछ को पत्थर से बांध कर बार-बार उसे नाले में डुबाे रहा था। वहां से गुजर रहे पशु प्रेमी ने ऐसा करते देख टोका तो उसने चूहे को पत्थर समेत नाले में फेंक दिया।
पशु-प्रेमी ने नाले में उतर कर चूहे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक चूहा दम तोड़ चुका था। पशु प्रेमी ने आरोपित से नाराजगी जताई तो वह उसे भिड़ गया। पशु प्रेमी ने कोतवाली पहुंच कर प्राथमिकी दर्ज कराई तो पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर थाने ले आई। अब चूहे का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला पनवड़िया का है। शहर के मुहल्ला कल्याणनगर निवासी पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि बुधवार दोपहर वह पनवड़िया बिजली घर के पास से गुजर रहे थे। उन्होंने देखा कि एक युवक कुछ बच्चों के साथ नाले की पटिया पर बैठा कुछ कर रहा है।
ध्यान से देखने पर पाया कि वह एक चूहे की पूछ पत्थर से बांधे हुए है और उसे बार-बार नाले में डुबो रहा है। यह देख वह उसके पास गया और उसे ऐसा करने से मना किया। इस पर उस युवक ने पत्थर सहित चूहे को नाले में फेंक दिया। इस पर विकेंद्र ने नाराजगी जताते हुए उसका नाम पूछा तो उसने अपना नाम मनोज कुमार बताया। चूहे को नाली से निकालने को कहा तो वह लड़ने पर अमादा हो गया। इस पर विकेंद्र खुद नाले में उतरे और चूहे को बाहर निकाला। लेकिन बाहर निकालने के कुछ देर बाद ही चूहे ने दम तोड़ दिया। विकेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने पनवड़िया निवासी मनोज कुमार के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की। इसके साथ ही आराेपित को गिरफ्तार कर पुलिस थाने ले आई। पुलिस ने चूहे को पोस्टमार्टम के लिए आइवीआरआइ बरेली भेजा है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई है, आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।