सपा नें जयंती पर किया ‘संरक्षक’ को याद

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) समाजवादी पार्टी के संस्थापक तथा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव की 83वीं जयंती को पार्टी नें सादगी से मनायी। पार्टी में नेताजी और आमजन में धरती पुत्र के नाम से विख्यात मुलायम सिंह यादव का बीती दस अक्टूबर को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। निधन के बाद उनकी पहली जयंती को पार्टी मना रही है। इसी दौरान कार्यकर्ता मैनपुरी में उनके निधन से खाली लोकसभा सीट पर पांच दिसंबर को होने वाले मतदान की तैयारी में भी लगे हैं। लिहाजा जनपद में पूर्व मुख्यमंत्री की जयंती पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया|
मंगलवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय आवास विकास फर्रुखाबाद पर सपा सरंक्षक की जयंती के अवसर पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने एवं संचालन निवर्तमान महासचिव मन्दीप यादव एडवोकेट ने किया।
विचार गोष्ठी में निवर्तमान जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी को क्षेत्रीय दल से भारतीय राजनीति की मुख्य धारा में लाने वाले मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इसके साथ ही बेहद लोकप्रिय नेता देश के रक्षा मंत्री भी रहे। उत्तर प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री होने का गौरव प्राप्त करने वाले मुलायम सिंह यादव सम्भल, मैनपुरी तथा आजमगढ़ से लोकसभा के सदस्य भी रहे थे। नेताओं ने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी, डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव, चेयरमैन हरीश यादव, सपा नेता महेंद्र सिंह कटियार, पुष्पेंद्र यादव एडवोकेट, रजत क्रांतिकारीआदि ने विचार व्यक्त किये| विचार गोष्ठी के उपरांत सपा नेताओं ने डॉ० राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में पहुंचकर मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।