रसूखदारों के भवनों पर भी छाया बुलडोजर का साया

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन सामाजिक

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) गुरुवार को आवास विकास से लेकर नेकपुर क्रासिंग के निकट तक अतिक्रमण अभियान चला| जिसमे कई रसूखदार लोगों के आशियानें भी अतिक्रमण की जद में आ गये| उनके आवासों को चिन्हित किया गया|  कई के भवन जमीदोज कर दिये गये|
नगर मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव व ईओ नगर पालिका रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में चले बुलडोजर अभियान में आवास विकास तिराहे पर मनकामेश्वर होटल के भीतर लगभग एक मीटर भीतर चूना डाला गया| वहीं पड़ोस में ही अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य के बाहर नाले पर बने गार्डन पर हटानें के लिए चूना डाला गया| लेकिन फिलहाल अभी तोड़ा नही गया| इसके बाद जेसीबी नें फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मार्ग पर अतिक्रमण तोड़ा| जिसमे बढ़पुर विकास खंड के पास बने कांग्रेस नेता कौशलेन्द्र सिंह के आवास की दीवार जद में आ गयी| उन्हें खुद तोड़ने का समय दिया गया है| डॉ० सर्वेश कनौजिया के बाहर का अतिक्रमण तोड़ा गया| इसके बाद जेसीबी आगे बढ़ गयी| जिसमे नेकपुर सिटी स्कूल क्रासिंग के निकट दुकानों के बाहर से अतिक्रमण हटाया गया| सड़क किनारे बने धुलाई केंद्र भी ध्वस्त किये गये|
होर्डिंग ठेकेदार की पालिका कर्मियों से नोकझोक
नगर पालिका के होर्डिंग आवास विकास में लगे है| जिसका ठेका जितेन्द्र कुमार यादव के पास है| लिहाजा होर्डिंग हटानें के दौरान ही जितेन्द्र का पालिका के वरिष्ठ लिपिक अमित श्रीवास्तव के साथ विवाद हो गया| जितेन्द्र ने कहा की उसने पालिका से होर्डिंग का ठेका लिया है| लिहाजा उसका पैसा भी पालिका में जमा है| जिससे वह अपने होर्सिंग नही हटायेगा| इस पर जितेन्द्र का पालिका कर्मी अमित से विवाद और नोकझोंक हो गयी| ठेकेदार ने कहा की उसने 19 होर्डिंग लगानें का ठेका लिया है| जिस पर फिलहाल ठेकेदार को होर्डिंग किनारे लगानें के निर्देश दिये|