दूसरे चरण में भी मिला मतदाताओं का प्रबल समर्थन:सपा

LUCKNOW Politics Politics- Sapaa UP NEWS सामाजिक

लखनऊ:समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने दावा किया है कि प्रथम चरण की तरह सोमवार को हुए दूसरे चरण के चुनाव में भी सपा गठबंधन को मतदाताओं का प्रबल समर्थन मिला है। यह समर्थन बता रहा है कि अगले चरणों में भी भाजपा का सफाया तय है। मतदाता अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए उत्साहित है। राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि प्रथम चरण की तरह दूसरे चरण में भी भाजपा व उसके कार्यकर्ता बन गए प्रशासनिक अधिकारियों ने सत्ता दल के खिलाफ बहती हवा को देखकर मतदान में गड़बड़ी करने की कोशिश की है।धर्म-विशेष के मतदाताओं को खासतौर पर परेशान किया जा रहा है। उनको वोट नहीं डालने दिया जा रहा है। तमाम लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए। कई पोलिंग स्टेशनों से सपा के पोलिंग एजेंट बाहर कर दिए गए। कई जगह मतदान अधिकारियों का रवैया भी आपत्ति जनक रहा। दूसरे चरण के चुनाव में भी मतदान केंद्रों से ईवीएम गड़बड़ी की शिकायतें मिली हैं। इससे मतदान देर तक बाधित रहा। मुरादाबाद की ठाकुरद्वारा विधान सभा क्षेत्र में आने वाले बिलारी के थानाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह को शिकायत करने के बावजूद हटाया नहीं गया,वे भाजपा कार्यकर्ता बनकर काम कर रहे हैं। बरेली में आंवला की ग्राम पंचायत धनौरा गौरी में दारोगा सपा को प्रताडि़त कर रहे हैं। संभल की असमौली विधान सभा से सपा प्रत्याशी व विधायक पिंकी यादव के पति और उनके समर्थकों पर फर्जी मुकदमें लगा दिए गए हैं। चंदौसी में कई ग्राम प्रधानों को रेड कार्ड के नाम पर पुलिस उठा ले गई है।