बंद कमरे में दिया संपर्क,संवाद,सहयोग,सहायता का फार्मूला

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics- Sapaa

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आगामी विधान सभा चुनाव के लिए सपा पूरी तरह से साइकिल में हवा भरने में जुट गयी है| पार्टी का पूरा जोर कार्यकर्ताओं में जोश भरनें का है| पार्टी यह मानकर चल रही है कि जब कार्यकर्ता जोश से लबरेज होगा तो वह साइकिल की रफ्तार बढ़ा देगा| इसी को अमली जामा पहनाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नें कार्यकर्ताओं की क्लास ली और उन्हें आगामी चुनाव का होमवर्क भी दिया|
शहर के आवास विकास स्थित एक डिग्री कालेज में आयोजित संगठन की समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा व युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव नें विधानसभा वार विधानसभा अध्यक्ष, महासचिव, ब्लॉक अध्यक्ष, विधान सभा के सभी सेक्टर प्रभारी से बंद कमरें में चर्चा की| राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नें पदाधिकारियों की नब्ज टटोलते हुए कहा कि अखिलेश यादव के नाम, काम व बेदाग छवि के बल पर समाजवादी पार्टी यूपी में बहुमत की सरकार बनाएगी। संपर्क, संवाद, सहयोग, सहायता व सब आएं, सबको स्थान और सबको सम्मान के मंत्र के साथ सपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता यह लक्ष्य हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि संवेदनहीन बीजेपी ने अंतिम संस्कार के लिए लोगों को सिफारिश कराने व शव दाह के लिए लकड़ियों के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर कर दिया।  लेकिन धन देना तो दूर इन लोगों ने ऐसे काम किये की सब पाई-पाई को मोहताज हो गए। यूपी पूरे देश की धड़कन है यहां के किसान खुशहाल होंगे तो समूचा देश तरक्की करेगा। लेकिन यहां बीजेपी सरकार किसानों को हक़ मांगने पर उन्हें गाड़ी के टायरों से रौंद देती है। बीजेपी शमशान, कब्रिस्तान, हिंदू, मुसलमान के अलावा किसी विकास की बात नही करती। उन्होने कहा कि बीजेपी राम नाम की व्यापारी है। राम के नाम पर लोगों को लूटती है। लोग परेशान है और सरकार बदलने को आतुर हैं। बीजेपी ने सपा के किए विकास कार्यो के नाम बदले अब जनता प्रदेश सरकार का नाम बदलेगी।
युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवमूर्ति राना, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण सैनी, जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी, महासचिव मंदीप यादव, शेखर यादव, अमृतपुर विधान सभा अध्यक्ष भोला यादव, भोजपुर विधान सभा अध्यक्ष अमित यादव व इलियास मंसूरी आदि रहे|