बेटी की मौत पर न्याय ना मिलने से पानी की टंकी पर चढ़ा पीड़ित पिता

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बेटी की मौत पर न्याय ना मिलने से आहत पीड़ित पिता पानी की टंकी पर चढ़ गया| जिससे जिला प्रशासन के हाथ पैर फूल गये| जिला प्रशासन और अफसर उन्हें मनाने में लगे रहे| तकरीबन चार घंटे बाद दोनों को नीचे उतारा गया|
थाना शमसाबाद क्षेत्र के ग्राम किसरौली निवासी आकांक्षा सक्सेना पुत्री शिवकुमार का शव रेलवे ट्रेक पर 14 अक्टूबर को पड़ा मिला था| घटना के बाद परिजनों ने हत्या होनें का आरोप लगाया| परिजनों नें 18 अक्टूबर को पुलिस लाइन का घेराव कर तत्कालीन एडीजी प्रेम प्रकाश से पुलिस लाइन में भेट की| जिसके बाद लापरवाही दिखाने में तत्कालीन थानाध्यक्ष रामबाबू को निलंबित किया गया था| एडीजी की सख्ती के बाद आरोपियों के खिलाफ पुलिस नें मुकदमा भी दर्ज किया| लेकिन आरोपियों का आज तक बाल बांका ना होनें से परिजन आहत थे| एबीवीपी सहित कई संगठन कार्यवाही की मांगके साथ ही धरना प्रदर्शन  कर चुके थे| लेकिन न्याय ना मिलने से आहत परिजन आखिर वह करने पर अमादा हो गये जिसका किसी नें कभी अंदाजा भी नही लगाया होगा|
बुधवार को मृतका का पिता शिव कुमार सक्सेना अपने भतीजे सचिन के साथ कलेक्ट्रेट में निर्वाचन कार्यालय के पास पानी की टंकी पर चढ़ गया| खबर लगते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया| एडीएम विवेक श्रीवास्तव, सीओ राजवीर सिंह, शहर कोतवाल वेदप्रकाश पाण्डेय, फतेहगढ़ प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश पाल आदि मौके पर  आ गये| पीड़ित पिता नें आरोपियों की गिरफ्तारी, परिवार को पुलिस सुरक्षा, बेटी के हत्यारों को फांसी देनें की मांग की है|प्रशासन उन्हें किसी तरह नीचे उतारने का प्रयास करता रहा| जिसके बाद जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह और एसपी डॉ० अनिल कुमार मिश्रा से फोन पर वार्ता के चार घंटे बाद परिजन नीचे उतरे| उन्हें जिला प्रशासन नें मांगों पर जल्द कार्यवाही का भरोसा दिया|